भदोही। जनपद में पशु चोरी की घटनाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। 12 अप्रैल 2026 को गोपीगंज एवं कोईरौना थानों में दर्ज कुल तीन मुकदमों का सफल अनावरण करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर प्रभात राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान वांछित आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 32 भेड़, 15 बकरियां, 25 हजार रुपये नकद, एक अपाचे मोटरसाइकिल, चार आधार कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड तथा एक पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर पशुओं की चोरी करते थे। दिन में संभावित स्थानों की रेकी की जाती थी और रात्रि में भेड़-बकरियों को चोरी कर पिकअप वाहन के माध्यम से सुल्तानपुर मंडी व फतेहपुर में बेच दिया जाता था। 5 अप्रैल 2026 को प्रयागदासपुर क्षेत्र से 52 भेड़ चोरी करने की घटना भी प्रकाश में आई है, जिनमें से 20 भेड़ 73 हजार रुपये में बेचे जाने की जानकारी मिली है। चोरी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल रेलवे लाइन के किनारे से बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सलमान पुत्र गफ्फार निवासी ग्राम कटरा थाना कोईरौना जनपद भदोही, मो. एहसान खां एवं कमाल खां निवासी ग्राम नरैचा थाना जाफरगंज जनपद फतेहपुर, बिट्टी जान पत्नी भईया खां, रजनी पत्नी मनीष तथा रागिनी पुत्री मनीष खां निवासी मुंडेरा मंडी के समीप थाना धूमनगंज जनपद प्रयागराज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
बरामदगी के आधार पर पंजीकृत मुकदमों में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि जनपद में पशु चोरी एवं तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।



