CRS NEWS reporter Amit seth
गोपीगंज (भदोही), 24 फरवरी। जनपद भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धानापुर दक्षिणी में सोशल मीडिया विवाद के चलते एक 16 वर्षीय किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 23 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 9:30 बजे डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि गांव में एक किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम व डायल 112 कर्मी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक किशोर पिछले लगभग दो वर्षों से इंस्टाग्राम के माध्यम से एक लड़की के संपर्क में था। दोनों के बीच कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और कहा-सुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय किशोर वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसने घर में लगे पंखे के हुक में साड़ी का कपड़ा बांधकर फांसी लगा ली।
परिजनों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर किशोर को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना ही बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।



