पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैर में लगी गोली, लूट की रकम और अवैध हथियार बरामद
भदोही, 10 मार्च।जनपद के औराई थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹50 हजार के इनामी समेत तीन अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औराई थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कोठरा बाईपास के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास करते हुए तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज राव पुत्र वशिष्ट राव निवासी नटवलिया थाना कसिया जनपद कुशीनगर (उम्र 38 वर्ष), सर्वेश सिंह पुत्र रामकरण सिंह निवासी बाबूछपरा मोरबन थाना रामकोला जनपद कुशीनगर (उम्र 28 वर्ष) तथा सकलेन पुत्र मुस्तकीम निवासी अहरौली राय थाना कसिया जनपद कुशीनगर (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, पांच जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार, तीन मोबाइल फोन तथा लूट के 8 हजार रुपये बरामद किए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को उन्होंने औराई थाना क्षेत्र के जयरामपुर इलाके में बैंक से पैसे निकालकर बाहर आए एक बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसाकर कार में बैठा लिया था और घोसिया ओवरब्रिज के पास उनसे 49 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। लूट की रकम में से कुछ रुपये पेट्रोल व खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे, जबकि शेष रकम आपस में बांट ली गई थी।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों बदमाशों पर विभिन्न जनपदों में क्रमशः 28, 13 और 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1)/3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम द्वारा भी किया गया।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक अपराध शेतांशु शेखर पंकज, उपनिरीक्षक विजय कुमार सरोज सहित औराई थाने की पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।



