ज्ञानपुर/भदोही।
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत निजी विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के प्रवेश हेतु आरटीई 12(1)(C) प्रथम चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए सम्पन्न कर ली गई है। जिले में इस बार बड़ी संख्या में अभिभावकों ने आवेदन किया, जिसमें हजारों बच्चों को विद्यालय आवंटित हुआ।

जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस चरण में कुल 5016 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से जांच के बाद 1272 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 3744 आवेदन विभिन्न कारणों से अस्वीकृत कर दिए गए।
स्वीकृत आवेदनों के आधार पर आयोजित ऑनलाइन लॉटरी में 1056 बच्चों को निजी विद्यालयों में प्रवेश हेतु सीट आवंटित की गई। वहीं सीटें पूर्ण हो जाने के कारण 216 बच्चों को विद्यालय आवंटित नहीं हो सका, हालांकि ये बच्चे आगामी चरणों में अवसर के पात्र हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार आरटीई के तहत चयनित बच्चों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवंटित विद्यालय में दस्तावेज सत्यापन कराकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। समय पर प्रवेश न लेने पर सीट रिक्त मान ली जाएगी और प्रतीक्षा सूची के बच्चों को मौका दिया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आरटीई पोर्टल पर आवंटन की स्थिति नियमित रूप से जांचते रहें और विद्यालय द्वारा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करें, ताकि बच्चों का प्रवेश बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हो सके।
आरटीई योजना के माध्यम से निजी विद्यालयों में गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिल सके।



