भदोही, 11 मार्च।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भदोही की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों द्वारा बुधवार से सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। ग्राम रायपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. माया तथा विशिष्ट अतिथि प्राथमिक विद्यालय राम रायपुर के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।




कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भौतिक विज्ञान विभाग के प्रवक्ता डॉ. राजकुमार सिंह यादव ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और सेवा भावना के माध्यम से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं।
शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। स्वयंसेवकों ने टोलियों में विभाजित होकर प्राथमिक विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की। वहीं कुछ टोलियों ने विद्यालय के बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें पाठ पढ़ाया। अन्य टोलियों ने विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस के लक्ष्य गीत के साथ हुई।
महाविद्यालय की प्राचार्य ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी सात दिनों के लिए शुभकामनाएं दीं। पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीश कुमार मिश्रा, बृजेश कुमार और डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, कार्यों और लाभों से अवगत कराया तथा उन्हें निष्ठा और ईमानदारी से सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रुस्तम अली ने किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकिता तिवारी ने अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर गणित विभाग के प्रभारी डॉ. विनोद कुमार भारती, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अमरदीप तिवारी, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



