सी आर एस न्यूज़ संवाददाता वसीम आलम
भदोही। थाना भदोही क्षेत्र के जलालपुर निवासी सद्दाम अंसारी उर्फ टीपू (35 वर्ष) की मधुमक्खियों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से निर्यात भवन बीड़ा क्षेत्र और जलालपुर गांव में शोक व दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सद्दाम अंसारी 27 फरवरी 2026 की सुबह प्रतिदिन की तरह निर्यात भवन बीड़ा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान खोलकर काम में जुटे थे। सामान्यतः उनकी दुकान रात लगभग 9 बजे तक बंद हो जाती थी, किंतु उक्त दिन किसी कारणवश देर रात तक दुकान खुली रही। बताया जा रहा है कि दुकान बंद करने के बाद वे दुकान के ऊपर लगे मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार हेतु एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्यात भवन बीड़ा क्षेत्र में लगभग 20 से 25 स्थानों पर मधुमक्खियों के छत्ते बने हुए हैं। पूर्व में भी मधुमक्खियों द्वारा राहगीरों व दुकानदारों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए।
सद्दाम अंसारी चार भाइयों में सबसे बड़े थे और मोबाइल रिपेयरिंग व बिक्री के कार्य से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने पीछे पत्नी सहित तीन छोटे बच्चों—पांच वर्षीय पुत्री माहिरा, तीन वर्षीय पुत्र युसूफ और छह माह के बेटे अजीब—को छोड़ गए हैं। पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिलनसार और मेहनती स्वभाव के सद्दाम की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा शोक और स्तब्धता व्याप्त है।



