केंद्र सरकार की पहल और उड़ान योजना के तहत चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के चेक-इन हॉल में ‘उड़ान यात्री कैफे’

लखनऊ एयरपोर्ट पर 10 रुपये में नाश्ता, यात्रियों को बड़ी राहत
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के चेक-इन हॉल में ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत की गई है, जहां अब मात्र 10 रुपये से खाने-पीने की चीजें उपलब्ध होंगी।
केंद्र सरकार की पहल और उड़ान योजना के तहत शुरू किए गए इस कैफे का वर्चुअल उद्घाटन केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने किया।
सस्ती दरों पर चाय, पानी और नाश्ता
नए कैफे में यात्रियों को चाय, पानी और हल्के नाश्ते बेहद किफायती दामों पर मिलेंगे। लंबे समय से एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है।
रोजाना हजारों यात्रियों को लाभ
लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 120 उड़ानों का संचालन होता है, जिससे लगभग 18 से 20 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस पहल से बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
सरकार का बड़ा कदम
एयरपोर्ट पर सस्ते भोजन की व्यवस्था कर सरकार ने आम यात्रियों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब यात्रियों को पानी और स्नैक्स के लिए अधिक कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी।
यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यात्रा के दौरान होने वाला अतिरिक्त खर्च कम होगा और आम लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।



