:
भदोही, 11 मार्च। जनपद में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक प्रतिनिधि ज्ञानपुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि विद्युत विभाग से जुड़ी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर विद्युत लाइन, अनियमित आपूर्ति तथा बिलिंग से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत सभी विद्युत कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, ट्रांसफार्मरों की क्षमता, लाइन मरम्मत तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत मंडल भदोही राधेश्याम, अधिशासी अभियंता ज्ञानपुर राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता भदोही एस.के. सिंह, समस्त एसडीओ, नगर पालिका अध्यक्ष गोपीगंज जितेंद्र गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष सुरियावां विनय चौरसिया, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानपुर घनश्याम दास गुप्ता, राजकुमार निषाद सहित व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



