कोर्ट के आदेश पर गोंडा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, 77 वर्षीय बुजुर्ग से अंगूठा लगवाकर फर्जी दानपत्र बनाने का आरोप
गोंडा/भदोही, संवाददाता।
गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में 77 वर्षीय बुजुर्ग की जमीन धोखाधड़ी से अपने नाम कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि भदोही में तैनात एक सिपाही ने अपने भाई और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर बुजुर्ग को पेंशन और दवा दिलाने का झांसा देकर कचहरी ले जाकर कागजों पर अंगूठा लगवा लिया और बाद में फर्जी दानपत्र तैयार कर जमीन अपने नाम करा ली। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बुजुर्ग निबई निवासी अचलापुर, थाना खरगूपुर ने आरोप लगाया कि हजारी प्रसाद नामक व्यक्ति उन्हें दवा दिलाने और विकलांगता पेंशन बनवाने के बहाने गोंडा कचहरी ले गया। बुजुर्ग को यह जानकारी नहीं थी कि जिन कागजों पर उनसे अंगूठा लगवाया जा रहा है, उनका इस्तेमाल उनकी पुश्तैनी जमीन हड़पने के लिए किया जाएगा।
आरोप है कि 20 नवंबर 2025 को कचहरी में बुजुर्ग से गुप्त रूप से कई दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया। बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक फर्जी दानपत्र तैयार कर जमीन हजारी प्रसाद के नाम दर्ज करा दी गई।
इस मामले में भदोही में तैनात सिपाही दिनेश कुमार को मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। आरोप है कि उसके भाई हजारी प्रसाद के नाम जमीन दर्ज कराई गई, जबकि श्याम कुमार और अखिलेश यादव को इस फर्जीवाड़े में गवाह बनाया गया।
पीड़ित बुजुर्ग ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद खरगूपुर पुलिस ने सिपाही समेत चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।



