उत्तर प्रदेश भदोही से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों को प्रशासन ने पूरी तरह अफवाह बताया है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने साफ कहा है कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर जो खबरें चलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं। जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे फैलाएं। साथ ही केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गैस एजेंसियों के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखा जाए। अगर कहीं किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जाए।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जनहित में भ्रामक खबरों के प्रसार से बचना जरूरी है।



