सीआरएस न्यूज़ संवाददाता अमित सेठ
ज्ञानपुर/भदोही।
थाना गोपीगंज क्षेत्र के लालानगर टोल प्लाजा पर रविवार (16 फरवरी 2026) की शाम लगभग 7:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बाइट क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर प्रभात राय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ब्रेजा कार (संख्या UP70GR4241) लालानगर टोल बूथ पर रुकी। फास्टैग में बैलेंस न होने के कारण कार सवार प्रभात मिश्रा (पुत्र प्रेम नारायण मिश्रा), निवासी चूड़ापुर दादू, थाना सोरांव, जनपद प्रयागराज, पास की दुकान पर रिचार्ज कराने गए।
रिचार्ज कर वापस लौटते समय प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही मोटरसाइकिल (संख्या UP65AH8542), जिसे रामरति बिन्द (पुत्र दशरथ बिन्द), निवासी बाबूसराय, थाना औराई चला रहे थे, ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीगंज पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने प्रभात मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोटरसाइकिल चालक का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर श्री प्रभात राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



