महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण पर जोर, सीतामढ़ी में हुआ मिशन शक्ति अभियान का कार्यक्रम
दिनांक – 23.08.2025
श्याम शुक्ला
भदोही। जिलाधिकारी शैलेश कुमार के नेतृत्व में शनिवार को थाना कोइरौना अंतर्गत सीतामढ़ी स्थित दयावंती पुंज मल्टीपरपज हाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलम्बन है। इसके लिए गांव-गांव महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाना आवश्यक है। एसपी ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और आशा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
एसपी ने बताया कि प्रत्येक थाने पर महिला हेल्प डेस्क संचालित है, जहां 24 घंटे महिला आरक्षी मौजूद रहती हैं। इसके अतिरिक्त एंटी रोमियो टीम प्रतिदिन सक्रिय रहकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं में विश्वास का वातावरण बनाना है, ताकि वे बिना भय और संकोच के समाज में अपनी भूमिका निभा सकें।