सी आर एस न्यूज़ संवाददाता छबीनाथ शर्मा
भदोही।
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने मंगलवार को सौ सैया संयुक्त चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन आईपीडी वार्ड एवं 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री से कराया जाए और तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य में मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को निर्देश दिया कि निर्माण पूर्ण होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के समय संबंधित विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अस्पताल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।



