सीआरएस न्यूज़ संवाददाता अमित सेठ
भदोही।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत और विश्व चैंपियन बनने पर जनपद भदोही में भी जश्न का माहौल रहा। ज्ञानपुर स्थित पुलिस लाइन्स में फाइनल मुकाबले का लाइव प्रसारण बड़ी प्रोजेक्टर स्क्रीन पर दिखाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों, कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठकर भारत-न्यूजीलैंड के रोमांचक फाइनल मैच का आनंद लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भारतीय टीम की शानदार जीत पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने अद्भुत साहस, बेहतरीन टीमवर्क और शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। यह जीत करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व और उत्सव का ऐतिहासिक पल है।
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शुरुआत करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों खिलाड़ियों ने चौके और छक्कों की बारिश कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन और ईशान किशन ने 54 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई। पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने शानदार जीत दर्ज करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
पुलिस लाइन्स में मैच के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत की जीत के साथ ही सभी ने तालियां बजाकर और खुशी जाहिर कर टीम इंडिया को बधाई दी।



