Homeआज की ताजा खबरभदोही में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारम्भ, जागरूकता रैली से गूंजा...

भदोही में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारम्भ, जागरूकता रैली से गूंजा ज्ञानपुर

भदोही उत्तर प्रदेश में प्रवेश उत्सव व मेधावी छात्रों का सम्मान, डीएम ने किया नेतृत्व

भदोही, 01 अप्रैल 2026।नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन जनपद भदोही में “स्कूल चलो अभियान” के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन के उद्देश्य से जिला स्तरीय जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8) चितईपुर, ज्ञानपुर से हुई।

रैली को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं रैली का नेतृत्व करते हुए बच्चों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय के निर्देशन में किया गया। इसमें निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।रैली के दौरान बच्चों ने “स्कूल चलो, स्कूल चलो”, “नामांकन से एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “बेटा-बेटी एक समान, सबको शिक्षा सबको ज्ञान” जैसे नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। रैली का नेतृत्व प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार पाल ने किया।रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में प्रवेश उत्सव, पुरस्कार वितरण एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी बच्चा, चाहे वह प्रवासी परिवार से हो या कमजोर वर्ग से, नामांकन से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन के साथ नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया।डीएम ने विद्यालय के हरित एवं सुसज्जित वातावरण, टीएलएम युक्त कक्षाओं, आईसीटी उपकरणों तथा पुस्तकालय की सराहना करते हुए इसे शिक्षकों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूरी बनाकर पुस्तकों एवं समाचार पत्रों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, बैग, जूते-मोजे, स्वेटर, डीबीटी के माध्यम से ₹1200 की सहायता, मध्यान्ह भोजन, फल एवं दूध जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पिछले सत्र के मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, स्टेशनरी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नवप्रवेशी बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस और बैग वितरित किए गए।कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
few clouds
30.9 ° C
30.9 °
30.9 °
22 %
1.5kmh
11 %
Wed
30 °
Thu
40 °
Fri
40 °
Sat
40 °
Sun
39 °

Most Popular