स्कूल छुट्टी के बाद सड़क पार करते समय हुआ हादसा, बाइक सवार भी जख्मी
भदोही/ज्ञानपुर। ज्ञानपुर क्षेत्र के मवैया पंचायत के सामने मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क पार कर रहे एक छात्र को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक चालक भी बुरी तरह जख्मी हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने स्कूल समय पर सड़क पर स्पीड ब्रेकर और यातायात नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।