भदोही | संवाददाता

बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद भदोही द्वारा संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की पाककला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय के समीप ज्ञानपुर स्थित आदर्श विद्यालय के प्रांगण में आयोजित हुई, जिसमें जनपद के प्रत्येक विकास खंड से पाँच-पाँच रसोइयों सहित कुल 30 रसोइयों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के लिए भोजन निर्माण की समस्त सामग्री आयोजक मध्याह्न भोजन विभाग, बेसिक शिक्षा की ओर से उपलब्ध कराई गई। विद्यालयों में सप्ताह में दो दिन तहरी तथा शेष चार दिन निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन बनाया जाता है, इसी क्रम में पाककला प्रतियोगिता के मेनू में भी तहरी को शामिल किया गया।




प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियम एवं मानक डीसी एमडीएम सौरभ सिंह द्वारा बताए गए। उन्होंने बताया कि रसोइयों को आधे घंटे के भीतर भोजन तैयार करना था तथा भोजन का मूल्यांकन पौष्टिकता, स्वच्छता, सुरक्षा, व्यवहार और स्वाद के आधार पर कुल 55 अंकों के मानक पर किया गया।

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शिवम पाण्डेय ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर प्रतियोगिता के महत्व को रेखांकित किया। मूल्यांकन समिति में खाद्य एवं औषधि विभाग से मानवेंद्र सिंह, जिला चिकित्सालय से हेल्थ कंसलटेंट, जगन्नाथपुर इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका कल्पना मौर्य, जिला सूचना अधिकारी पंकज कुमार एवं नगर पंचायत ज्ञानपुर के अध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान तथा वित्त एवं लेखा अधिकारी अमन श्रीवास्तव ने भी रसोइयों द्वारा बनाए गए भोजन को चखकर अंक प्रदान किए।
विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता स्थल पर मेले जैसा उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। सभी रसोइयों ने स्वच्छता और सजगता के साथ भोजन तैयार कर बारी-बारी से अतिथियों के समक्ष परोसा। गुणवत्ता एवं मानकों के आधार पर सभी प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹3500 एवं प्रशस्ति पत्र उगईपुर, सुरियावां की रसोइया श्रीमती संगीता देवी को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार ₹2500 रेनू देवी (उधवा माफी, भदोही ब्लॉक) तथा तृतीय पुरस्कार ₹1500 प्राथमिक विद्यालय कुड़ी खुर्द की रसोइया ममता देवी को मिला। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी रसोइयों को प्रोत्साहन एवं यात्रा व्यय के रूप में ₹650 तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
अतिथियों ने रसोइया माताओं का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालयों में बच्चों को गरिमा के साथ पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खंड शिक्षाधिकारी ज्ञानपुर मनोज सिंह, डीसी नवीन मिश्रा, डीसी मोहित मौर्य, डीसी कुलदीप, अरविंद मौर्य, एसआरजी धीरज सिंह, विनय पाण्डेय, रत्नेश पाण्डेय, मानिक यादव, उर्मिला सरोज, ज्योति कुमारी एवं राम लाल यादव का विशेष सहयोग रहा।



