भदोही। प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में शनिवार को सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्री चन्द्रशेखर आजाद रहे। मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।



मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवा का एक निश्चित कार्यकाल होता है और सेवानिवृत्ति जीवन का स्वाभाविक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करते हैं तो समाज में उन्हें सदैव सम्मान मिलता है। सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन भी आनंद और संतोष से परिपूर्ण होना चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजक एवं प्रधानाध्यापक धीरज सिंह (प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर) ने सेवानिवृत्त हो रहीं श्रीमती जीनत बेगम, प्रधानाध्यापिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय रया तथा श्री जयशंकर पांडेय, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय पिपरी के शैक्षिक योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षकों ने दोनों शिक्षकों को फूल-मालाओं से सम्मानित कर उपहार भेंट किए और भावभीनी विदाई दी। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



