Homeआज की ताजा खबरअमृत तुम्हारा, तो जहर क्या पड़ोसी का ! हिसाब बराबर है!

अमृत तुम्हारा, तो जहर क्या पड़ोसी का ! हिसाब बराबर है!

भारत (इंद्र यादव) दुनियां का सबसे बड़ा मुगालता (गलतफहमी) यह है कि इंसान को लगता है वह ‘मालिक’ है। वह सोचता है कि वह जो चाहे करेगा और सामने वाला उसकी मर्जी के हिसाब से ही दुम हिलाएगा। पर साहब, कुदरत का कानून आपकी मर्जी का गुलाम नहीं है।

चोट तुम्हारी, तो चीख उसकी क्यों न हो!

हम अक्सर अपनी ताकत के नशे में किसी कमजोर या बेजुबान पर हाथ उठा देते हैं। मान लीजिए, आपने किसी कुत्ते को पत्थर मारा। आप क्या चाहते थे! कि वह सहम जाए! रोने लगे! लेकिन अगर उसने पलटकर आपको काट लिया या आपकी आँखों में आँखें डालकर गुर्रा दिया, तो आपको मिर्ची लग गई!
यही तो जीवन का असली ‘सुभाषित’ है। आप किसी को दर्द देकर यह तय नहीं कर सकते कि वह उस दर्द को कैसे व्यक्त करेगा। क्रिया आपकी थी, तो प्रतिक्रिया पर अधिकार उसका है। अगर आप डंडा उठाना जानते हैं, तो सामने वाला पलटवार करना भी जानता है। यही न्याय है।

चालाकी की भी हद होती है…

आज का इंसान बड़ा शातिर हो गया है। उसे टेबल पर रखा ‘अमृत’ का कलश तो पूरा का पूरा गटकना है, पर जब बात संघर्ष या जिम्मेदारी का ‘विष’ पीने की आती है, तो वह दूसरों का मुँह ताकने लगता है।

अजीब तमाशा है,मलाई तुम्हारी और गंदगी दुनिया की! वाह रे इंसान!

अगर आप समाज में कड़वाहट घोल रहे हैं, रिश्तों में जहर बो रहे हैं, तो तैयार रहिए—वो जहर लौटकर आप ही के पास आएगा। आप खुद को बहुत बड़ा ‘तोप’ समझते होंगे, लेकिन याद रखिए कि कुदरत की अदालत में सबका हिसाब बराबर होता है।

आईना देखिए

समाज आज सड़ रहा है क्योंकि हम सब ‘अमृत’ के भूखे शिकारी बन गए हैं। हम चाहते हैं कि सब हमसे तमीज से पेश आएं, पर खुद की जुबान और व्यवहार में हमने तेजाब भर रखा है।

सीधी बात यह है!

अगर आप पत्थर मारेंगे, तो फूल की उम्मीद पालना बेवकूफी है।
अगर आप सारा सुख खुद हड़पना चाहते हैं, तो दुख का टोकरा उठाने के लिए भी तैयार रहिए।
दुनिया गोल है, जो फेंका है वही वापस आएगा। अब चाहे उसे ‘सुभाषित’ समझकर पी लो या ‘सबक’ समझकर झेल लो।

एक आखिरी बात…

अगर हमें एक बेहतर समाज चाहिए, तो हमें ‘लेने’ की भूख से ज्यादा ‘देने’ की नीयत पर काम करना होगा। जहर पीने का हौसला रखिए, तभी अमृत पर आपका हक बनेगा।

Indra Yadav/Correspondent- Ishan Times/Social Media Activist – Dk Foundation….🙏..✍️

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
27.4 ° C
27.4 °
27.4 °
43 %
2kmh
7 %
Sat
35 °
Sun
35 °
Mon
36 °
Tue
36 °
Wed
37 °

Most Popular