Homeआज की ताजा खबरमहंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ आप का कलेक्ट्रेट...

महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ आप का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

भदोही ब्यूरो रिपोर्ट वसीम आलम

भदोही। देश में बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय ज्ञानपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।


प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है और छोटे व्यापारी भी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
अशोक यादव ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और इसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका असर महंगाई के रूप में जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगहों पर कई गुना वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और बेरोजगारी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है।
पंकज कुमार एडवोकेट ने कहा कि देश के कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और उद्योग बंद होने की स्थिति पैदा हो रही है। गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी कई उद्योगों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे लाखों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और गैस की कीमतों पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करेगी।
इस दौरान पंकज कुमार एडवोकेट, महेंद्र नाथ पाल, सुरेश यादव, कमलेश गौतम, सोहन गौतम, राजधर बिंद, बीरेंद्र गौड़, संदीप यादव, बैजनाथ सरोज, हरिशंकर पाल, अरविंद सरोज, संगम पासी और जावेद अहमद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
28 ° C
28 °
28 °
59 %
3.1kmh
2 %
Sun
28 °
Mon
37 °
Tue
35 °
Wed
37 °
Thu
37 °

Most Popular