भदोही। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने रविवार को भदोही जिले के जेठूपुर गांव पहुंचकर शहीद अग्निवीर धीरज गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद की माता जय देवी को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में ₹2 लाख का चेक प्रदान किया।




प्रदेश अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा सैनिकों के सम्मान और अधिकारों के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में यह व्यवस्था की गई थी कि शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाया जाए और अंतिम संस्कार भी राजकीय सम्मान के साथ किया जाए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में सैनिकों की स्थिति संविदा जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अग्निवीर योजना के तहत भर्ती सैनिकों को स्थायी सेवा देने की दिशा में काम किया जाएगा और उन्हें नियमित सैनिकों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, जिला महासचिव हृदय नारायण प्रजापति, विधायक जाहिद बेग, अंजनी सरोज, मधुबाला पासी, रामकिशोर बिंद, शैलेश सिंह मंटू, आरिफ सिद्दीकी, अबरार अहमद, राजेन्द्र दुबे, सरिता बिंद, केश नारायण यादव, देवा जायसवाल, सुधीर गौतम, गामा प्रसाद यादव तथा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार मिश्र (पप्पू) सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



