भदोही संवाददाता,
भदोही।जनगणना-2027 के तहत शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को नगर पालिका परिषद भदोही के सभागार में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, सभासदों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्वगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।प्रशिक्षकों ने बताया कि नागरिक अब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से आसानी से स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सही तरीके से भरनी होंगी। फार्म जमा होने के बाद 16 अंकों की एक पहचान संख्या जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।कार्यशाला में मौजूद विशेषज्ञों ने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में लोगों को जागरूक करें और स्वगणना प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और सरल है, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।प्रशिक्षकों ने जनगणना के उद्देश्य और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सही आंकड़े सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में सहायक होंगे।इस दौरान विधायक जाहिद बेग, एसडीएम अरुण गिरी, पालिकाध्यक्ष नर्गिस अत्तहर समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



