बिहार संवाददाता दिनेश कुमार बरनवाल
बिहार(नवादा), 17 अप्रैल 2026।रोह प्रखंड के हेमजाचक गांव में शुक्रवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। दलित समाज से जुड़े मनोज राम की पुत्री के विवाह अवसर पर समाजसेवी कमलेश सैनी ने ‘अभिनंदन ट्रस्ट’ के माध्यम से लाखों रुपये मूल्य का घरेलू व वैवाहिक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया।समाजसेवी कमलेश सैनी स्वयं गांव पहुंचकर दुल्हन के घर पर गोदरेज पलंग, सोफा सेट, बर्तन सहित करीब 130 आवश्यक घरेलू सामान भेंट किए। उन्होंने नवविवाहिता को शुभाशीष देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अचानक मिले इस सहयोग से दुल्हन के पिता मनोज राम भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि नवादा के एक समाजसेवी उनके घर आकर इतनी बड़ी मदद करेंगे। उन्होंने कमलेश सैनी और अभिनंदन ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर उपस्थित डॉ. सत्येंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि ट्रस्ट समाज के जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि जो भी पात्र परिवार इस प्रकार की सहायता प्राप्त करना चाहता है, वह ट्रस्ट से संपर्क कर सकता है। सभी लोग मिलकर जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने का कार्य करेंगे।कार्यक्रम में सटू सिंह चंद्रवंशी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। गांव में इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।



