संवाददाता : भदोही
भदोही शहर के निजामपुर मोहल्ले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 सदस्यीय टीम ने एक मकान पर अचानक छापेमारी शुरू कर दी। टीम दो चारपहिया वाहनों से मौके पर पहुंची और लंबे समय से घर के अंदर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।


सूत्रों के अनुसार कार्रवाई एक पूर्व कालीन कारोबारी और बैंक में कार्यरत उसके बेटे के आवास पर की जा रही है। टीम अपने साथ नोटों की जांच करने वाली मशीन भी लेकर पहुंची है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।बताया जा रहा है कि जांच टीम करीब तीन घंटे से अधिक समय से दस्तावेजों और अन्य सामानों की गहन जांच कर रही है। हालांकि अब तक किसी अधिकारी द्वारा कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।छापेमारी की सूचना फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हलचल का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग कार्रवाई को लेकर अलग-अलग कयास लगाते नजर आए।फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से मामले में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों के बयान के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



