प्रयागराज की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने 46 साल पुराने चर्चित कचहरी हत्याकांड मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व विधायक विजय मिश्रा समेत चार दोषियों को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

अदालत ने सभी दोषियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार तृतीय ने यह फैसला सुनाया। इससे एक दिन पहले ही कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी करार दिया था।यह मामला वर्ष 1980 में प्रयागराज कचहरी परिसर में हुई प्रकाश नारायण पांडेय की दिनदहाड़े हत्या से जुड़ा है। इस सनसनीखेज वारदात ने उस समय पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी थी। लंबे समय तक चली सुनवाई, गवाहों और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया।फैसले के दौरान कोर्ट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। बाहुबली नेता विजय मिश्रा को सुरक्षा घेरे में एमपी-एमएलए कोर्ट लाया गया।राजनीतिक और आपराधिक जगत में चर्चित इस मामले के फैसले को प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।



