संवाददाता : प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। जनपद के बहरैची क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की के तहत मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण परियोजना का मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भूमि पूजन सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम में सांसद Dr. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ,पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी तथा जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों ने पौधरोपण भी किया।करीब 24.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक विद्यालय प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराएगा। परियोजना के प्रथम चरण के लिए 12.38 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। निर्माण कार्य का दायित्व यूपीपीसीएल यूनिट-16 मिर्जापुर को सौंपा गया है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। विद्यालय में स्मार्ट शैक्षिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।परियोजना के तहत मुख्य शैक्षणिक भवन (जी+2), मिड डे मील भवन, बाल वाटिका, मल्टीपरपज हॉल, प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ रूम, डोरमेट्री, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस मॉडल विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा। साथ ही अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूरदराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अरुण गिरि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।



