विशेष संवाददाता राजेश जायसवाल भदोही की ख़ास रिपोर्ट
भदोही जिले का छोटा सा गांव कटका इन दिनों गर्व से सराबोर है। इसी मिट्टी में पले-बढ़े दिलीप सिंह ने पश्चिम बंगाल की चापदानी विधानसभा सीट से जीत हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। जैसे ही उनके विधायक बनने की खबर गांव पहुंची, कटका और बाबूसराय बाजार में खुशी की लहर दौड़ गई। मिठाइयां बांटी गईं, एक-दूसरे को बधाइयां दी गईं और लोगों ने इसे अपने गांव की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।यह जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष और धैर्य का प्रतिफल है। पिछली बार बेहद कम अंतर से हार का सामना करने वाले दिलीप सिंह ने हार को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाया। उन्होंने जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा, संगठन को मजबूत किया और इस बार कड़ी टक्कर में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को हराकर जीत दर्ज की।दिलीप सिंह की कहानी साधारण परिवार से उठकर असाधारण उपलब्धि तक पहुंचने की प्रेरक गाथा है। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने बाबूसराय के इंटर कॉलेज से प्राप्त की। सपनों को पंख देने के लिए वे रोजगार की तलाश में कोलकाता पहुंचे। शुरुआत एक कपड़े की दुकान पर काम करने से हुई, लेकिन मेहनत और लगन ने उन्हें जल्द ही अपना गारमेंट व्यवसाय स्थापित करने की राह दिखा दी। संघर्षों के बीच उन्होंने आत्मनिर्भरता सीखी और लोगों से जुड़ना भी।करीब पंद्रह वर्षों से वे सक्रिय राजनीति में हैं और भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत करने का कार्य करते रहे। जनसंपर्क, सेवा भाव और निरंतर मेहनत ने उन्हें जनता के बीच विश्वसनीय चेहरा बनाया। यही भरोसा इस चुनाव में जीत में बदल गया।आज कटका गांव के बुजुर्ग हों या युवा, सभी दिलीप सिंह की सफलता को अपनी जीत मान रहे हैं। गांव की गलियों में चर्चा है कि “हमारे गांव का बेटा अब विधायक बन गया।” यह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सोच की जीत है जो छोटे गांवों से बड़े सपने देखने का साहस करती है।दिलीप सिंह की यह यात्रा साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों तो दूरी, परिस्थितियां और असफलताएं रास्ता नहीं रोक सकतीं। कटका से कोलकाता और फिर विधानसभा तक का यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गया है।



