Homeउत्तर प्रदेशसड़क सुरक्षा पर सख्त हुआ जिला प्रशासन ,घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले...

सड़क सुरक्षा पर सख्त हुआ जिला प्रशासन ,घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25 हजार रुपये का सम्मान

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा पर दिखाई संवेदनशीलता, अधिकारियों को दिए सख्त निर्दश

:‘राहवीर योजना’ के तहत घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25 हजार रुपये का सम्मान

भदोही, 21 अप्रैल 2026।जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को मानवीय और जनहित से जुड़ा विषय बताते हुए अधिकारियों को ठोस और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि शासन स्तर से सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनपद स्तर पर बनाई गई कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी संवेदनशील जिम्मेदारी है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।बैठक में बिना नंबर प्लेट तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर संचालित वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला खान अधिकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर विशेष अभियान चलाने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।सड़क दुर्घटनाओं के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की भी गंभीरता से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान करें और यदि सड़क की बनावट, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, अवैध कट या अतिक्रमण जैसी समस्याएं हों तो तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है जितना कि प्रवर्तन। विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा एवं यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाए।बैठक में ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि मानवता के नाते आगे आकर घायलों की सहायता करें, क्योंकि समय पर उपचार से अमूल्य जीवन बचाया जा सकता है।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि जनपद में दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
41.9 ° C
41.9 °
41.9 °
7 %
5.9kmh
4 %
Wed
41 °
Thu
43 °
Fri
44 °
Sat
45 °
Sun
45 °

Most Popular