सीआरएस न्यूज़ संवाददाता श्याम शुक्ला
भदोही।
जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ भदोही पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में साइबर हेल्प डेस्क थाना सुरियावां ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में 14,600 रुपये वापस कराए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना सुरियावां क्षेत्र के गनेशरायपुर निवासी रामफल बिंद पुत्र शशिकांत बिंद से 03 मई 2025 को एक साइबर ठग ने “पैसा डबल करने” का लालच देकर 14,600 रुपये ठग लिए थे। पीड़ित द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद साइबर हेल्प डेस्क थाना सुरियावां ने बैंक व पोर्टल के माध्यम से धनराशि को होल्ड कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की, जिसके बाद पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित रामफल बिंद ने पुलिस अधीक्षक भदोही के साथ-साथ थाना प्रभारी सुरियावां मनीष द्विवेदी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। पीड़ित ने कहा कि थाना प्रभारी मनीष द्विवेदी अपनी तेज, संवेदनशील और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए क्षेत्र में जाने जाते हैं और उनके नेतृत्व में पुलिस ने इस मामले में बेहद तत्परता दिखाई।
भदोही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते धनराशि को रोका जा सके और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।



