भदोही। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भदोही, औराई व डीघ की छात्राओं को प्रयागराज के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्राएं उत्साहित और प्रफुल्लित नजर आईं।

प्रयागराज पहुंचने पर छात्राओं को आनंद भवन के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया गया, जहां देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी दी गई। इसके बाद छात्राओं ने चंद्रशेखर आजाद पार्क का भ्रमण किया और महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान से जुड़े इतिहास के बारे में जाना।भ्रमण के अंतिम चरण में छात्राओं को त्रिवेणी संगम ले जाया गया, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के संगम की धार्मिक महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं ने पूरे परिसर का अवलोकन किया, स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।इससे पूर्व छात्राओं को जीईसी ग्राउंड, ज्ञानपुर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला कमांडेंट अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को मेहनत से पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में अत्यंत सहायक होते हैं तथा पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक समझ भी विकसित करते हैं।भ्रमण के दौरान कस्तूरबा विद्यालय भदोही की वार्डेन मालती यादव, औराई की वार्डेन साधना दीक्षित, डीघ की प्रभारी वार्डेन अंकिता सिंह, जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रीतेश दीक्षित सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।



