भदोही में यातायात पुलिस का सघन अभियान, 86 वाहनों का चालान
भदोही, 02 मार्च 2026। आगामी पर्वों के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद भदोही में यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ब्लैक फिल्म, फॉल्टी नंबर प्लेट और बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग की गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक भदोही अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर संचालित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ अभियान को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान विभिन्न चौराहों पर सघन चेकिंग करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। ड्रंक एंड ड्राइव के एक मामले सहित कुल 86 वाहनों का चालान किया गया, जिसमें 72 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक करते हुए अपील की कि सभी लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा ओवरस्पीड, स्टंटबाजी और नशे में वाहन चलाने से बचें।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील:
दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।
दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं।
शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
चारपहिया वाहन चालक व सवारियां सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
निर्धारित स्पीड लिमिट का पालन करें।
बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाएं।
ओवरस्पीड से बचें और सड़क के बाईं ओर चलें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन का प्रयोग न करें।
ब्लैक फिल्म, हूटर, मॉडिफाइड साइलेंसर या मानक से अधिक ध्वनि वाले हॉर्न का प्रयोग न करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



